सराय अकिल (कौशाम्बी)। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के संकल्प के साथ शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण खुद धरातल पर उतरे। एसपी ने सराय अकिल थाना क्षेत्र के व्यस्त बाजारों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। पैदल मार्च के दौरान कप्तान का सख्त और संवेदनशील दोनों रूप नजर आया। उन्होंने न केवल पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के निर्देश दिए, बल्कि बीच बाजार में रुककर दुकानदारों और आम राहगीरों से सीधा संवाद भी किया। एसपी ने दुकानदारों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हर पल प्रतिबद्ध है। इस दौरान उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों और अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखने की हिदायत दी और जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। कप्तान के इस तरह अचानक सड़कों पर उतरने से जहाँ अपराधियों और मनचलों में हड़कंप दिखा, वहीं आम जनता ने खुद को सुरक्षित महसूस करते हुए पुलिस प्रशासन के इस कदम की सराहना की। एसपी के इस पैदल मार्च ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि जनपद की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाकी का एक्शन और सख्त होने वाला है।










