24 घंटे में दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की तत्परता से बड़ी सफलता

 

जिला ब्यूरो मोहम्मद सुहेल खान

श्रावस्ती, 24 अप्रैल। जनपद के थाना गिलौला क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज़ 24 घंटे के भीतर वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को कस्बा गिलौला निवासी एक व्यक्ति ने थाना गिलौला में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग भतीजी को कोचिंग संचालक जकी अहमद पुत्र नीबर अली निवासी ग्राम दर्जीपुरवा, तिलकपुर, बहला-फुसलाकर अश्लील बातचीत करने के बाद दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इस संबंध में पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 58/26 धारा 65(1), 351(3) बीएनएस एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गिलौला के थानाध्यक्ष आशीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी और संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गिलौला बाईपास के रास्ते फरार होने की फिराक में है।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम जकी अहमद पुत्र नीबर अली निवासी दर्जीपुरवा, तिलकपुर थाना गिलौला बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन एवं ₹520 नकद बरामद हुए।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने का प्रयास कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता एवं अपराधियों के प्रति सख्त रुख स्पष्ट होता है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें