जिला क्राइम रिपोटर जगदम्बा प्रशाद
कौशाम्बी। जिले के कोखराज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है, जहाँ काशिया पश्चिम गांव में एक 28 वर्षीय युवक ने खौफनाक कदम उठाते हुए अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। जीटी रोड स्थित कामधेनु फिलिंग स्टेशन के ठीक सामने पंचर और धुलाई सेंटर चलाने वाले बालकृष्ण पुत्र कामता प्रसाद ने बीती रात अपने ही घर के कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। शनिवार की सुबह जैसे ही परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला, सामने का मंजर देख उनकी चीख निकल गई और कुछ ही पलों में पूरे गांव में हड़कंप मच गया। शनिवार सुबह करीब 7:40 बजे ग्राम प्रधान पंचम लाल द्वारा सूचना मिलने पर कोखराज पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची, जहाँ परिजनों की चीखों से माहौल गमगीन बना हुआ था। मृतक अपने परिवार के साथ इसी घर में रहता था और मेहनत-मजदूरी कर सबका पेट पालता था, लेकिन उसकी अचानक मौत ने हँसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। मृतक के पिता कामता प्रसाद उर्फ सीताराम ने बिलखते हुए पुलिस को बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से असंतुलित रहता था, जिसकी वजह से उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए तत्काल फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है, वहीं इस हृदयविदारक घटना से पूरे काशिया पश्चिम गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई स्तब्ध है।










