बेकाबू रफ्तार का कहर: शादी की खुशियां मातम में बदलीं,! दो युवकों की मौत

 

बकेवर फतेहपुर जनपद के बकेवर थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक चेहरा सामने आया है, जिसने दो परिवारों की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। भलीगवां मोड़ के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान भागलापुर गांव निवासी राम सिंह और अन्नू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अन्नू की शादी कुछ ही महीने पहले हुई थी और वह अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत कर रहा था, वहीं राम सिंह की शादी भी जल्द होने वाली थी और घर में तैयारियां जोरों पर थीं। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

दोनों युवक शादी से जुड़े किसी जरूरी काम के सिलसिले में पाही गांव आए हुए थे। काम निपटाने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी भालीगवां मोड़ के पास तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवकों को संभलने का कोई मौका ही नहीं मिला और दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।

हादसे के बाद पिकअप चालक अपनी गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही बकेवर थाना अध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है

इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। जिन घरों में कुछ दिनों बाद शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और हर आंख नम नजर आ रही है।

 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से लगाम लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें