मोहम्मद सुहेल ब्यूरो चीफ़ (श्रावस्ती)
दिव्य प्रवचन से आलोकित हुआ वातावरण, श्रद्धालुओं में उमड़ा उल्लास
कटरा संवाददाता।
कहते हैं कि जब भाग्य उदय होने का शुभ समय आता है, तभी मानव के अंतर्मन में धर्म, भक्ति और पुण्य कर्मों के प्रति सहज आकांक्षा जागृत होती है। इसी आध्यात्मिक भावभूमि का सजीव उदाहरण ग्राम पटखौली खुर्द में देखने को मिल रहा है, जहाँ मुन्ना सिंह के निर्देशन में तथा एस.पी. सिंह परिहार, राजेश सिंह, राकेश सिंह के संयोजन में श्रीमद्भागवत कथा का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन सम्पन्न हो रहा है।
अपने पिता मुन्ना सिंह की चारों धाम यात्रा के पुण्य उपलक्ष्य में आयोजित इस दिव्य कथा में मथुरा-वृंदावन धाम से पधारी महान विदुषी दिव्या रामायणी ने तृतीय दिवस की कथा का अत्यंत भावपूर्ण, ओजस्वी एवं मार्मिक शैली में वर्णन किया। उन्होंने अपने अमृतमय वचनों के माध्यम से धर्म, सत्य, करुणा और भक्ति के महत्व को अत्यंत प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया, जिससे समस्त श्रोतागण मंत्रमुग्ध हो उठे।
कथा के तृतीय दिवस पर भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी। कथा स्थल पूर्णतः आध्यात्मिक ऊर्जा, श्रद्धा और आस्था के दिव्य प्रकाश से आलोकित रहा। इस अवसर पर पूर्व प्रधान केदारनाथ तिवारी, दीवान भिनगा, विजय कुमार पाण्डेय, बिपुल तिवारी, नानबच्चा तिवारी, मालिक राम पाण्डेय सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में व्यवस्थापक के रूप में राहुल सिंह, अमित सिंह, सचिन सिंह, आदर्श सिंह,अभिनव सिंह,अंश सिंह, सूर्यांश सिंह,आकाश सिंह एवं समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा। उनके समर्पण, सेवा भावना एवं आयोजन कौशल के कारण यह आध्यात्मिक अनुष्ठान अत्यंत सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायी रूप में सम्पन्न हो रहा है।
यह कथा न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ कर रही है, बल्कि समाज में सद्भाव, संस्कार एवं आध्यात्मिक चेतना का भी विस्तार कर रही है।










