श्रावस्ती में युवक ने पेड़ से लटककर दी जान, सात बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

 

जिला ब्यूरो मोहम्मद सुहेल खान

 

श्रावस्ती, संवाददाता।

जनपद श्रावस्ती के नवीन मॉडल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कल्याणपुर के मजरा दहौरा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 42 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हीरालाल गौतम (उम्र लगभग 42 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने घर के पीछे स्थित जामुन के पेड़ में गमछे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

घटना की जानकारी उस समय हुई जब मृतक की पत्नी सुबह करीब 4 बजे घर के पीछे गईं। वहां उन्होंने देखा कि उनके पति पेड़ से लटके हुए हैं। यह दृश्य देखते ही वह घबरा गईं और शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को बुलाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत ग्राम प्रधान को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फोरेंसिक जांच के बाद पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे पत्नी, सात नाबालिग बच्चों (चार पुत्र और तीन पुत्रियां) तथा वृद्ध मां को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है, ऐसे में इस घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ग्रामीणों के अनुसार, हीरालाल गौतम एक मेहनतकश व्यक्ति थे, लेकिन हाल के दिनों में वह किसी बात को लेकर मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहे थे। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें