अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। विकास खंड कर्वी अंतर्गत ग्राम अकबरपुर (ब) की सड़कें बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी हैं। गांव की मुख्य सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
ग्रामीण पंकज सिंह ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक मरम्मत का काम शुरू नहीं हो सका। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे सड़क पर चलना जोखिम भरा हो जाता है।
वहीं, गांव के ही अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि इस सड़क से रोजाना गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है। गड्ढों की वजह से दोपहिया वाहन चालक अक्सर गिरकर चोटिल हो जाते हैं, जबकि पैदल चलने वालों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर सरकार गांवों में विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी के अधिकारी कार्यालयों में बैठकर एसी की हवा खा रहे हैं, लेकिन जमीनी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम हो।










