9 मई को धूमधाम से मनाई जाएगी महाराणा प्रताप जयंती

बैठक में बनी रूपरेखा, शोभायात्रा निकालने का सर्वसम्मत निर्णय

यूपी फ़ाइट टाइम्स

प्रयागराज। नगर पंचायत कोरांव में आगामी 9 मई को महान योद्धा महाराणा प्रताप की जयंती को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस संबंध में सवर्ण समाज के लोगों की एक बैठक जिला पंचायत सदस्य पिंटू चौबे के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।बैठक में सर्वसम्मति से प्रेम शंकर सिंह को कार्यक्रम का अध्यक्ष घोषित किया गया, जिनका उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया। वहीं संयोजक के रूप में पिंटू चौबे का नाम प्रस्तावित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने से समाज को संघर्ष और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा मिलती है। पिंटू चौबे ने कहा कि महाराणा प्रताप त्याग और वीरता के प्रतीक थे, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी देश की रक्षा के लिए संघर्ष किया। मुन्ना सिंह और अजय सिंह ने भी अपने विचार रखते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने पर जोर दिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 9 मई को पूरे बाजार क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी और जयंती समारोह को उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। इस मौके पर राजेश पाण्डेय, धनंजय सिंह, बाबा सिंह, धनुष सिंह, पिंटू सिंह, गोलू सिंह, देवराज मिश्रा, सिंटू तिवारी, मंटू सिंह, अंकित पांडेय, नितिन मिश्रा सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें