कौशाम्बी में पूर्व प्रधान पर जानलेवा हमला, मॉर्निंग वॉक के दौरान बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

 

*👉🏿पैर-पेट-गर्दन में लगी गोली, SRN में भर्ती, एसपी सत्य नारायण ने संभाली कमान, गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें गठित*

 

*क्राइम रिपोर्ट जगदंबा प्रसाद*

 

कौशाम्बी। संदीपनघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आलमचंद में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के पूर्व प्रधान मनोज कुमार हेला पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पूर्व प्रधान सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार तीन बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में पूर्व प्रधान को पैर, पेट और गर्दन में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो चुके थे।घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल पूर्व प्रधान को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें SRN हॉस्पिटल प्रयागराज रेफर कर दिया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

*एसपी सत्य नारायण पहुंचे मौके पर, जांच में आई तेजी*

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।उन्होंने फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने, आसपास के लोगों से पूछताछ करने और हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।एसपी सत्य नारायण ने कहा कि अपराधियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

*गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें गठित, लगातार दबिश*

पूर्व प्रधान पर हुए हमले के खुलासे के लिए पुलिस ने 03 विशेष टीमों का गठन किया है। टीमें सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं। पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, जिससे किसी अन्य वारदात को रोका जा सके। फिलहाल पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस प्रशासन आरोपियों की तलाश में जुटा हुआ है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें