अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन में रविवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान विभिन्न विभागों में चयनित युवाओं के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के 357 कनिष्ठ विश्लेषकों (औषधि) तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 252 दंत स्वास्थ्य विज्ञानियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जनपद चित्रकूट के लिए यह अवसर विशेष गर्व का विषय रहा। ग्राम रैपुरा निवासी धीरेन्द्र सिंह का चयन खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में कनिष्ठ विश्लेषक (औषधि) के पद पर हुआ है। उनके पिता शिव कुमार सिंह एक शिक्षक रहे हैं। लोक भवन में मुख्यमंत्री के कर-कमलों से नियुक्ति पत्र प्राप्त कर धीरेन्द्र सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की।
धीरेन्द्र सिंह ने प्रदेश सरकार की भर्ती प्रक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में योग्य अभ्यर्थियों को बिना किसी भेदभाव के अवसर मिल रहे हैं, जिससे युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री के प्रेरणादायी संबोधन से उन्हें नई ऊर्जा मिली है। वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अन्य चयनित अभ्यर्थियों में भी उत्साह देखने को मिला और सभी ने प्रदेश सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की सराहना की।










