🗞️ पेंशन से वंचित पात्रों को जोड़ने के निर्देश, समीक्षा बैठक में डीएम सख्त
कौशाम्बी
जनपद में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में सोशल सेक्टर विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों की कार्यशैली पर डीएम का सख्त रुख देखने को मिला।
वृद्धावस्था पेंशन में लापरवाही पर जताई नाराजगी
वृद्धावस्था पेंशन की समीक्षा के दौरान लाभार्थियों की सूची का परिवार रजिस्टर से मिलान कार्य अपेक्षित स्तर पर न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि यह कार्य शत-प्रतिशत प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही, कार्य में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश भी दिए।
छूटे हुए पात्रों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
डीएम ने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजना से वंचित न रहे। इसके लिए व्यापक स्तर पर सत्यापन कर छूटे हुए लाभार्थियों को चिन्हित कर योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
आश्रम पद्धति विद्यालयों की सुविधाओं पर फोकस
जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी से राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों में बच्चों की सुविधाओं के लिए शेष कार्यों की विस्तृत सूची तैयार करने को कहा, ताकि आवश्यक कार्य शीघ्र कराए जा सकें।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई समीक्षा
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में डीएम के सख्त तेवर से साफ संकेत मिला कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










