11 हजार वोल्ट लाइन की चपेट में आकर युवक की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

 

मोहम्मद सुहेल खान, ब्यूरो चीफ श्रावस्ती

श्रावस्ती जनपद के थाना सोनवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम प्रहलादा में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वंशराज पुत्र श्यामलाल (लगभग 35 वर्ष) की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि गिलौला पावर हाउस से संबंधित हाईटेंशन बिजली लाइन का तार पिछले तीन दिनों से गांव के चक रोड पर गिरा पड़ा था। ग्रामीणों ने कई बार बिजली विभाग को इसकी सूचना दी, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। खुले में पड़ा यह हाईटेंशन तार लगातार बड़े हादसे को न्योता दे रहा था, जो अंततः जानलेवा साबित हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वंशराज किसी कार्य से चक रोड से गुजर रहे थे, तभी वह टूटे पड़े बिजली तार की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि यदि बिजली विभाग समय रहते तार को हटवाकर मरम्मत कर देता, तो यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी। ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा देने की मांग भी जोर पकड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को मामले में गंभीरता दिखाते हुए जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल स्थानीय पुलिस एवं संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गए हैं।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें