ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत, पुत्र गंभीर घायल

मोहम्मद सुहेल, ब्यूरो चीफ श्रावस्ती

श्रावस्ती। जनपद के इकौना थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका मासूम पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इकौना थाना क्षेत्र के तेलियन पुरवा निवासी पवन कुमार (30) पुत्र भगेलू प्रसाद अपने 9 वर्षीय पुत्र ऋषभ के साथ ट्रैक्टर से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पानी भरी खाई में पलट गया। हादसे में पिता-पुत्र दोनों ट्रैक्टर के नीचे दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को सीधा कर दोनों को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में दोनों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पवन कुमार को मृत घोषित कर दिया।

वहीं घायल बालक ऋषभ की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे में उसकी आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।

घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें