पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड, एसपी सत्यनारायण ने परखा पुलिसकर्मियों का अनुशासन

 

पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड, एसपी सत्यनारायण ने परखा पुलिसकर्मियों का अनुशासन

कौशाम्बी। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने शुक्रवार को पुलिस लाइन कौशाम्बी में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली और पुलिसकर्मियों के अनुशासन, फिटनेस एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

परेड के दौरान एसपी ने टोलीवार निरीक्षण करते हुए जवानों के टर्नआउट का अवलोकन किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को दौड़, पीटी अभ्यास और ड्रिल कराई गई। पुलिस अधीक्षक ने जवानों को शारीरिक रूप से फिट रहने तथा अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

परेड के बाद एसपी ने पुलिस लाइन स्थित मेस में भोजन की गुणवत्ता की जांच की। इसके साथ ही गणना कार्यालय, विभिन्न शाखाओं, डीसीआर, शस्त्रागार, डायल-112 कार्यालय, परिवहन शाखा, प्रतिसार निरीक्षक कार्यालय और पुलिस बैरकों का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने, अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कौशाम्बी/लाइन, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें