डायल 112 ने वन विभाग को दी सूचना, इलाके में मचा हड़कंप
जिला ब्यूरो मोहम्मद सुहेल खान
श्रावस्ती। जनपद के ग्राम पंचायत बेलहा राघव में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब गांव के बाहर खेत में बने एक कुएं के अंदर ग्रामीणों ने एक जंगली जीव को देखा। शुरुआत में ग्रामीणों ने उसे बाघ समझ लिया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
बताया जा रहा है कि खेत की ओर गए किसानों की नजर कुएं के अंदर पड़े वन्यजीव पर पड़ी। जीव की आकृति और हरकत को देखकर ग्रामीण घबरा गए और तत्काल इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों को कुएं से दूर रहने की सलाह दी।
धीरे-धीरे खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग बाघ होने की आशंका में दूर-दूर से मौके पर पहुंचने लगे। हालांकि बाद में जानकारी हुई कि कुएं में फंसा जीव “सी-कैट” है। इसके बावजूद लोगों में उसे देखने को लेकर काफी उत्सुकता बनी रही।
डायल 112 पुलिस ने मामले की जानकारी तत्काल वन विभाग को दे दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचने की तैयारी में जुट गई। बताया जा रहा है कि वन विभाग द्वारा सी-कैट को सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल में छोड़ा जाएगा।
घटना के बाद ग्रामीणों में चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर यह जंगली जीव आबादी वाले क्षेत्र तक कैसे पहुंच गया। फिलहाल पुलिस एवं वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।










