थानाध्यक्ष बैकुंठनाथ पाण्डेय खुद उतरे सड़क पर, व्यापारियों और आमजन से लिया सुरक्षा का फीडबैक

पश्चिम शरीरा में पुलिस का फ्लैग मार्च, बाजार से गलियों तक सुरक्षा का सख्त पहरा

  1. थानाध्यक्ष बैकुंठनाथ पाण्डेय खुद उतरे सड़क पर, व्यापारियों और आमजन से लिया सुरक्षा का फीडबैक

कौशाम्बी। पश्चिम शरीरा कस्बे में शनिवार शाम पुलिस का अलग ही अंदाज देखने को मिला। थाना प्रभारी बैकुंठनाथ पाण्डेय खुद पुलिस टीम के साथ पैदल गश्त पर निकले और बाजार से लेकर प्रमुख चौराहों तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से जहां आम लोगों ने राहत महसूस की, वहीं असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति दिखाई दी।

पैदल गश्त के दौरान थाना प्रभारी ने दुकानदारों, व्यापारियों और राहगीरों से सीधे संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक लिया। बाजार की गलियों में घूमकर पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा बिना वजह घूम रहे युवकों को सख्त हिदायत दी। पुलिस टीम ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

थाना प्रभारी बैकुंठनाथ पाण्डेय ने साफ शब्दों में कहा कि कस्बे में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रात के समय होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, अवैध कारोबार और अराजकता फैलाने वाले तत्व पुलिस की निगरानी में हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

गश्त के दौरान बाजार और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की लगातार आवाजाही से आमजन में सुरक्षा का माहौल बना रहा। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि लंबे समय बाद कस्बे में पुलिस का इतना सक्रिय और सतर्क रूप देखने को मिला है। लोगों ने माना कि पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों और शरारती तत्वों पर निश्चित रूप से अंकुश लगेगा।

पश्चिम शरीरा में बढ़ी पुलिस सक्रियता ने यह संदेश भी दे दिया है कि अब हर गली, हर चौराहे और हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नजर है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दे रही है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें