पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई: एसपी सत्यनारायण ने फरियादियों की सुनी समस्याएं
“सिर्फ कागजी कार्रवाई नहीं, पीड़ित को मिले वास्तविक न्याय” — थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश
कौशाम्बी।
जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस कार्यालय कौशाम्बी में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जहां जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों को फोन कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
“गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो”
एसपी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि पीड़ित व्यक्ति को वास्तविक राहत और न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर प्रार्थना पत्र की गहन जांच कर समयबद्ध और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस कार्यालय में उमड़ी फरियादियों की भीड़
जनसुनवाई के दौरान जमीन विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, महिला उत्पीड़न और अन्य मामलों से जुड़े प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
संवेदनशील पुलिसिंग पर जोर
कौशाम्बी में बीते कुछ समय से पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण की कार्यशैली लगातार चर्चा में है। सड़क पर उतरकर अतिक्रमण अभियान हो या फिर जनसुनवाई में सीधे फरियादियों से संवाद — एसपी की सक्रियता पुलिस प्रशासन की संवेदनशील छवि को मजबूत कर रही है।










