क्राइम संवाददाता जगदंबा प्रसाद
कौशाम्बी। जनपद के थाना कोखराज क्षेत्र के टेढ़ी मोड़ चौकी अंतर्गत भदवां गांव में नाली विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने गांव के कुछ लोगों पर सरकारी नाली बंद करने, मारपीट करने और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाते हुए पुलिस को नामजद तहरीर दी है।
भदवां गांव निवासी शिमला देवी पत्नी रामसरन सरोज ने कोखराज थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 20 मई की सुबह करीब 10 बजे गांव के कामता प्रसाद, सूरज उर्फ महेंद्र तिवारी, अमित तथा फतेहपुर जनपद निवासी उनके एक रिश्तेदार कंद्राल मौके पर पहुंचे और कथित रूप से सरकारी नाली को मिट्टी डालकर बंद करने लगे। आरोप है कि नाली बंद होने से दलित बस्ती का पानी भरने लगा।
पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने नाली बंद करने और ग्राम समाज की जमीन पर पशु बांधने का विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की गई, जिसमें शिमला देवी और उनका पुत्र सुमित घायल हो गए। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं रतनी देवी और राजमनी देवी के साथ भी कथित रूप से धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने कोखराज थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।










