थाना मंझनपुर में समाधान दिवस, एसपी सत्यनारायण ने सुनीं जन समस्याएं
कौशाम्बी जनपद के थाना मंझनपुर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रार्थना पत्रों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान एसपी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त टीम के माध्यम से भूमि विवादों सहित अन्य शिकायतों की मौके पर जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक परेशान न होना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने और शिकायतों के प्रभावी निस्तारण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।










