श्रावस्ती पुलिस की सर्विलांस सेल की बड़ी सफलता, 50 गुमशुदा मोबाइल बरामद; 13.20 लाख रुपये की संपत्ति लौटाई

 

श्रावस्ती पुलिस की सर्विलांस सेल की बड़ी सफलता, 50 गुमशुदा मोबाइल बरामद; 13.20 लाख रुपये की संपत्ति लौटाई

मोहम्मद सुहेल, ब्यूरो चीफ, श्रावस्ती

श्रावस्ती, 14 जून। श्रावस्ती पुलिस की सर्विलांस सेल ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामदगी अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 13.20 लाख रुपये आंकी गई है। बरामद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द कर दिए गए, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई।

पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी (क्राइम) भरत पासवान के पर्यवेक्षण में किया गया। अभियान के दौरान सर्विलांस सेल की टीम ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों, मोबाइल आईएमईआई ट्रैकिंग, लोकेशन और नेटवर्क डेटा के विश्लेषण के आधार पर विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की गहन जांच की।

लगातार प्रयासों के बाद टीम ने 50 गुमशुदा मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर लिए। रविवार को पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने श्रावस्ती पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग गुमशुदा संपत्ति की बरामदगी के साथ-साथ साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की पहचान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सर्विलांस सेल और सीईआईआर पोर्टल पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और दक्षता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

श्रावस्ती पुलिस की इस कार्रवाई को गुमशुदा मोबाइल बरामदगी अभियान में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे आमजन का पुलिस और तकनीकी जांच प्रणाली पर विश्वास और मजबूत हुआ है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें