भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के श्रावस्ती जिला अध्यक्ष बने विशाल कुमार द्विवेदी

जिला ब्यूरो मोहम्मद सुहेल खान 

श्रावस्ती। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने संगठन को जनपद स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्रावस्ती जनपद के युवा छात्र नेता विशाल कुमार द्विवेदी को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति से की गई है। नियुक्ति की घोषणा के बाद संगठन के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, श्रावस्ती जनपद के लोहनिया फार्म, खरगौरा बस्ती निवासी विशाल कुमार द्विवेदी लंबे समय से छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं। छात्र समस्याओं के समाधान, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा युवाओं की आवाज को प्रशासन और संबंधित विभागों तक पहुंचाने के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहे हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव और छात्र हितों के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में आशा व्यक्त की गई है कि विशाल कुमार द्विवेदी संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी भूमिका निभाएंगे। संगठन ने उनसे छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने तथा शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने की अपेक्षा जताई है।

नियुक्ति के बाद विशाल कुमार द्विवेदी ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि श्रावस्ती जनपद के छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा शिक्षा, छात्रवृत्ति, रोजगार और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि संगठन छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहेगा तथा जनपद के प्रत्येक विद्यालय और महाविद्यालय तक पहुंचकर छात्रों को संगठन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। उनकी नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्र के युवाओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें