जमीन विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, आधा दर्जन से अधिक घायल, फायरिंग के आरोप की जांच जारी

लखनऊ/रहीमाबाद। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में बुधवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने फायरिंग कर दो महिलाओं को गोली मारने का आरोप लगाया है, हालांकि प्राथमिक चिकित्सकीय परीक्षण में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़ित पक्ष की ओर से सरोज पत्नी घनश्याम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार बीघा जमीन का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि विपक्षी पक्ष जबरन जमीन पर कब्जा करने पहुंचा। विरोध करने पर गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों से हमला किया गया। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की, जिससे सावित्री और कुसमा के घायल होने का दावा किया गया। मारपीट में घनश्याम, योगेश, हिमांशु समेत कई अन्य लोग भी घायल हुए। तहरीर में घटनास्थल से 32 बोर का एक खोखा, असलहे का कवर और एक मोबाइल फोन मिलने का भी उल्लेख किया गया है।

 

वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि वह अपनी जमीन पर पहुंचे थे, जहां दूसरे पक्ष से कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे व लात-घूंसे चले। इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।

 

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने गोली लगने की पुष्टि नहीं की। गंभीर रूप से घायल कुसमा और अनिल को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।

 

पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। चिकित्सकीय रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें