श्रावस्ती। जनपद के थाना इकौना क्षेत्र के सेमगढ़ा चौराहा निवासी फखरुद्दीन का 14 वर्षीय पुत्र सरफराज शनिवार सुबह करीब 9 बजे घर से निकला था। इसके बाद से वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों के अनुसार, सरफराज का चेहरा गोल है। घर से निकलते समय उसने नीले रंग की शर्ट और कत्थई (भूरे) रंग का लोअर पहन रखा था। उसके पास रेंजर साइकिल और काला बैग भी था।
परिवार का कहना है कि सरफराज पूरी तरह स्वस्थ है। उसकी मानसिक स्थिति सामान्य है और किसी से कोई विवाद या मनमुटाव भी नहीं था। ऐसे में उसके अचानक लापता हो जाने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है।
घटना की सूचना थाना इकौना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आमजन से सहयोग की अपील कर रहे हैं।
देखने पर तुरंत दें सूचना
यदि किसी व्यक्ति को सरफराज कहीं दिखाई दे या उसके संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त हो, तो कृपया तत्काल थाना इकौना पुलिस या उसके परिजनों को सूचना दें। आपकी एक छोटी-सी जानकारी सरफराज को सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
रिपोर्ट: मोहम्मद सुहेल, ब्यूरो चीफ, श्रावस्ती










