पिता ने लगाया हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मोहम्मद सुहेल, ब्यूरो चीफ, श्रावस्ती।
कोतवाली भिनगा क्षेत्र के ग्राम पंचायत संग्रामगंज के मजरा बनकटवा गांव में मंगलवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 32 वर्षीय राधा देवी पत्नी संतोष कुमार जायसवाल का शव घर के कमरे में साड़ी के फंदे से पंखे के सहारे लटका मिला। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। कोतवाली भिनगा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, घटना के समय घर के अन्य सदस्य खेत में काम करने गए थे और राधा देवी घर में अकेली थीं। शाम को जब उनके पति संतोष कुमार जायसवाल घर लौटे तो उन्होंने पत्नी का शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतका की सास निर्मला देवी ने बताया कि राधा देवी लंबे समय से बवासीर की बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज चल रहा था। उनका कहना है कि बीमारी से परेशान होकर उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मृतका के पति खेती-बाड़ी करते हैं और उनकी मानसिक स्थिति भी पूरी तरह सामान्य नहीं बताई जाती। दंपति के तीन बच्चे हैं।
राधा देवी मूल रूप से बलरामपुर जिले के गैंजहवा गांव निवासी राम फेरन की पुत्री थीं। करीब 12 वर्ष पूर्व उनका विवाह संतोष कुमार जायसवाल से हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे मृतका के पिता ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। उनका आरोप है कि पहले उन्हें केवल बेटी की मौत की सूचना दी गई, बाद में बताया गया कि उसने फंदे से जान दी है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।










