रानीपारा गाँव में सड़को पर जलभराव से ग्रामीण बेहाल 

 

 

यूपीफाइट टाइम्स ब्यूरोचीफ लखनऊ

 

 

*मलिहाबाद लखनऊ*: राजधानी लखनऊ के विकासखण्ड माल अंतर्गत ग्राम पंचायत रानीपारा में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल हो गई है। गांव की नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे लाखों रुपये की लागत से बनी सड़कें तेजी से टूट रही हैं और ग्रामीणों में बीमारी फैलने का डर बढ़ गया है।

 

*स्कूली बच्चे गंदेपानी से जाने को मजबूर*

सड़कों पर जलभराव और कीचड़ के कारण स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को गंदे पानी में से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण डेंगू, टाइफाइड जैसी बीमारियां गांव में फैल सकती हैं।

 

*वीडियो वायरल, फिर भी प्रशासन बेखबर*

ग्राम पंचायत रानीपारा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत करने और खबरें चलाने के बावजूद कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

 

ग्रामीणों ने बताया, “कई बार प्रशासन से शिकायत की। सोशल मीडिया पर भी मुद्दा उठाया। लेकिन जवाब में कहा जाता है कि ‘जितनी खबर चलानी है चला लो, हम देखने नहीं आएंगे’।”

 

*स्वच्छभारत मिशन के सरकारी दावों पर उठे सवाल*

एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ “स्वच्छ भारत मिशन” के तहत हर गांव को स्वच्छ बनाने का अभियान चला रहे हैं। हर गांव में सफाई कर्मी भी तैनात हैं। वहीं दूसरी तरफ रानीपारा में गंदगी और जलभराव से सरकारी सड़कें बर्बाद हो रही हैं।

 

ग्रामीणों का सवाल है कि “बारिश से पहले ही यह हाल है तो बारिश में क्या होगा? अगर अभी कोई देखने नहीं आ रहा तो बाद में कौन आएगा?”

 

*ग्रामीणों ने की मांग*

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी लखनऊ, उपजिलाधिकारी मलिहाबाद और खंड विकास अधिकारी माल से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

1. नालियों की तुरंत सफाई कराकर जल निकासी की व्यवस्था की जाए

2. खराब हो रही सड़क की मरम्मत कराई जाए

3. लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए

 

ग्रामीणों ने कहा कि काफी समय से ब्लॉक प्रशासन भी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद उच्च अधिकारी क्या संज्ञान लेते हैं और ग्रामीणों को कब राहत मिलती है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें