लखनऊ में पेट्रोल-डीजल में मिलावट का बड़ा खेल उजागर, चार गिरफ्तार; 16 हजार लीटर से अधिक ईंधन व साल्वेंट बरामद

‘ऑपरेशन इथेनॉल शील्ड’ के तहत क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, टैंकर से ईंधन निकालकर साल्वेंट मिलाकर बेचने का आरोप

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की अपराध शाखा ने पेट्रोल-डीजल में अवैध मिलावट, ईंधन चोरी और कालाबाजारी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 16 हजार लीटर से अधिक पेट्रोल, डीजल, अपमिश्रित ईंधन और साल्वेंट समेत दो वाहन व अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, भारत सरकार की इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल नीति को लेकर फैल रही भ्रामक जानकारियों के बीच मामले की गंभीरता को देखते हुए “ऑपरेशन इथेनॉल शील्ड” शुरू किया गया। अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने पेट्रोल-डीजल की चोरी, अवैध भंडारण, मिलावट और कालाबाजारी से जुड़े नेटवर्क की जांच शुरू की।

विश्वसनीय सूचना पर अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) किरन यादव के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने मलिहाबाद क्षेत्र के सन्यासी बाग फ्लाईओवर के पास छापा मारा। मौके पर एक तेल टैंकर और एक अन्य वाहन संदिग्ध अवस्था में मिले। जांच में पता चला कि टैंकर एचपीसीएल के अमौसी टर्मिनल से विधानसभा मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप के लिए ईंधन लेकर निकला था, लेकिन रास्ते में उससे पेट्रोल निकालकर अवैध रूप से बेचा जा रहा था।

आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर पेट्रोलियम पदार्थों की जांच की, जिसमें अवैध भंडारण और मिलावट की पुष्टि हुई। पुलिस ने 7,750 लीटर पेट्रोल, 4,000 लीटर डीजल, लगभग 1,150 लीटर अपमिश्रित पेट्रोल, करीब 3,200 लीटर साल्वेंट, टैंकर से निकाला गया 250 लीटर पेट्रोल तथा मिलावट में प्रयुक्त पाइप, डिप रॉड, मास्टर चाबी, मापक सहित अन्य उपकरण बरामद किए।

पूछताछ में टैंकर चालक ने स्वीकार किया कि वह रास्ते में पेट्रोल निकालकर 75 रुपये प्रति लीटर की दर से बेचता था। मुख्य आरोपित अनिल कुमार ने बताया कि वह विभिन्न टैंकर चालकों से ईंधन खरीदकर उसमें साल्वेंट मिलाता और अधिक कीमत पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाता था। इस कार्य में उसके दो सहयोगी भी शामिल थे।

पुलिस ने अनिल कुमार, अभिषेक राजपूत, धीरज सिंह और टैंकर चालक रामतीर्थ को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ईंधन चोरी, मिलावट और कालाबाजारी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें