अवर अभियंता पर उत्पीड़न का आरोप, कार्रवाई न होने पर 27 जुलाई से आंदोलन की चेतावनी

भाकियू (भानू) ने मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच व शिकायतों के निस्तारण की उठाई मांग

यूपी फ़ाइट टाइम्स

प्रयागराज। भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने विद्युत विभाग के यमुनापार मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपकर अवर अभियंता मार्कण्डेय सिंह यादव पर पद के दुरुपयोग, उत्पीड़न तथा धन की मांग से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि पूर्व में की गई शिकायतों तथा एफआईआर क्रमांक 2480 एवं 2493 से संबंधित मामलों का समयबद्ध निस्तारण नहीं हुआ तो 27 जुलाई 2026 से धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।

भाकियू (भानू) के जिलाध्यक्ष पंकज प्रताप सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम किहुनी खुर्द, थाना खीरी निवासी अधिवक्ता अनिल कुमार तिवारी, जो संगठन के सक्रिय सदस्य हैं, लंबे समय से विभागीय अधिकारियों के समक्ष न्याय की मांग कर रहे हैं। संगठन का आरोप है कि कई बार शिकायतें और उपलब्ध साक्ष्य प्रस्तुत किए जाने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे पीड़ित पक्ष एवं संगठन के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि शिकायतों के निरंतर लंबित रहने से किसानों और आम नागरिकों का विभाग पर विश्वास प्रभावित हो रहा है। संगठन ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा सभी लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की है।

भाकियू (भानू) ने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 27 जुलाई 2026 को व्यापक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन का कहना है कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रशासनिक अथवा कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति की जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और विभाग की होगी।

ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष पंकज प्रताप सिंह ने शायराना अंदाज में कहा—

“न पूछो हमसे कि हम किस कशमकश में ज़िंदा हैं,

ज़ुल्म की धूप में खड़े हैं और उम्मीद के साये में शर्मिंदा हैं।”

हालांकि, इस मामले में अवर अभियंता पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना शेष है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें