*राष्ट्रीय खेल दिवस पर एसएवी इंटर कॉलेज का दबदबा, 5-0 से जीता हॉकी का फाइन
*कौशाम्बी में अंडर-14 जिला स्तरीय जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता में आठ टीमों ने लिया हिस्सा, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने किया पुरस्कार वितरण*
कौशाम्बी। मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय कौशाम्बी की ओर से अंडर-14 जिला स्तरीय जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले की आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
उद्घाटन अवसर पर कोमल मौर्या ने जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर का बैज अलंकरण कर स्वागत किया, जबकि हॉकी एसोसिएशन कौशाम्बी के सचिव आशीष द्विवेदी का स्वागत उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए मुकाबले की शुरुआत कराई।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में स्टेडियम बी और एसएवी इंटर कॉलेज की टीमें आमने-सामने रहीं। एसएवी इंटर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 5-0 से अपने नाम किया। टीम की ओर से संजय, आयर्न, उमंग और आयर्न सिंह ने गोल कर जीत की नींव रखी। दूसरे मुकाबले में खेलो इंडिया ने भगत सिंह स्टेडियम ए को 2-1 से हराया। खेलो इंडिया की ओर से शुभम ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।
तीसरे मुकाबले में एसएवी इंटर कॉलेज ने भगत सिंह स्टेडियम बी को 5-1 से शिकस्त दी। एसएवी की ओर से अनिकेत ने गोल कर टीम की बढ़त मजबूत की। सेमीफाइनल मुकाबलों में एसएवी इंटर कॉलेज ने स्टेडियम बी को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में स्टेडियम ए ने खेलो इंडिया को 5-0 से पराजित कर फाइनल का टिकट हासिल किया।
फाइनल मुकाबला एसएवी इंटर कॉलेज और स्टेडियम ए के बीच खेला गया। एसएवी इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने शुरू से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मंतेश ने दो, संदीप ने दो और सुलदीप ने एक गोल कर अपनी टीम को 5-0 से शानदार जीत दिलाई। इस जीत के साथ एसएवी इंटर कॉलेज की टीम प्रतियोगिता की विजेता बनी, जबकि स्टेडियम ए की टीम उपविजेता रही।
फाइनल मुकाबले के बाद मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका मनोज कुमार, अरविंद कुमार, जितेंद्र पाल, कौशिक पाल, रमन बहादुर सिंह, अरविंद मौर्या, आलोक और मनोज ने निभाई। अंत में उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने मुख्य अतिथि, खिलाड़ियों, टीम मैनेजरों, निर्णायकों और उपस्थित खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।










