सोलर पैनल चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

सोलर पैनल चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

**कौशाम्बी।** सैनी थाना पुलिस, सीआईडब्ल्यूए एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोलर पैनल चोरी की दो घटनाओं का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई **19 सोलर प्लेटें** तथा वारदात में प्रयुक्त **लोडर वाहन** बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को डोरमा गांव निवासी **नीरज पाण्डेय** ने सैनी थाने में तहरीर देकर बताया था कि हाईवे किनारे स्थित उनकी आटा चक्की एवं तेल कारखाने में लगे सोलर पैनल रात में चोरी कर लिए गए थे। घटना के संबंध में सैनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं, 14 सितंबर को चरवा थाना क्षेत्र के पकसरई गांव में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित पानी की टंकी परिसर से सोलर पैनल चोरी होने की सूचना मिली थी, जिस पर चरवा थाने में भी मुकदमा दर्ज किया गया।

**पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण** के निर्देश पर दोनों घटनाओं के शीघ्र खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नेशनल हाईवे सर्विस रोड से अलीपुरजीता जाने वाले मार्ग पर दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान **मोहित मौर्य, सोनू मौर्य, प्रजांलु कुमार निवासी टेसाही बुजुर्ग, थाना खागा (फतेहपुर)** तथा **पिन्टू लाल निवासी बड़ी बाग मजरा कसराव, थाना हदगाव (फतेहपुर)** के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि 12 सितंबर की रात उन्होंने डोरमा गांव में हाईवे किनारे स्थित आटा चक्की की छत पर पीछे के रास्ते से चढ़कर **16 सोलर प्लेटें** चोरी की थीं। इसके बाद चरवा क्षेत्र में जल जीवन मिशन की पानी की टंकी के पास लगे ट्यूबवेल से **3 सोलर पैनल** भी चोरी किए थे। आरोपियों ने चोरी की गई सभी सोलर प्लेटें पिन्टू लाल के घर पर छिपाकर रखी थीं और उन्हें बेचने के लिए प्रयागराज ले जा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सभी **19 सोलर प्लेटें** और वारदात में इस्तेमाल किया गया **लोडर वाहन** बरामद कर लिया है। चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश कर दिया गया।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें