गांधी जयंती पर बापू के विचारों से गूंजा सिटी मॉण्टेसरी स्कूल।
*विद्यार्थियों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भाव को जीवन में अपनाने का लिया संकल्प।*
निहाल शुक्ला
पश्चिम शरीरा, कौशाम्बी। महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को सिटी मॉण्टेसरी स्कूल, पश्चिम शरीरा में श्रद्धा और देशभक्ति के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बापू के जीवन, संघर्ष और उनके विचारों को याद करते हुए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अल्पना मोदनवाल ने महात्मा गांधी के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी के सिद्धांत आज भी समाज को सही दिशा देने में प्रासंगिक हैं। सत्य, अहिंसा, सादगी और स्वच्छता उनके जीवन के प्रमुख संदेश रहे हैं, जिन्हें दैनिक जीवन में अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों को गांधी जी के जीवन से जुड़े प्रसंगों की जानकारी देते हुए अनुशासन, स्वच्छता, आपसी प्रेम, भाईचारे और समानता की भावना को अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि गांधी जी के प्रति सच्चा सम्मान केवल उनकी जयंती मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके विचारों को अपने आचरण में उतारना ही उनके प्रति वास्तविक श्रद्धांजलि है।
विद्यालय परिवार ने स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ समाज और आपसी सद्भाव के वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में गांधी जी के विचारों और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर मैजेर रंजु माथुर, प्रधानाचार्य अल्पना मोदनवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सद्भाव के संदेश को जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।









