
कौशाम्बी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय, करारी का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से कार्यालय में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में भारी खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
जिलाधिकारी ने जब शिकायत पंजिका (शिकायत रजिस्टर) की जांच की, तो पाया कि उसमें शिकायतकर्ताओं के मोबाइल नंबर तक दर्ज नहीं थे। साथ ही पंजिका अधूरी थी और उसे सत्यापित भी नहीं किया गया था। इस गंभीर लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी (ईओ) से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति को भी परखा और सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी सरकारी अभिलेखों का रख-रखाव व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किया जाए। ईओ को निर्देशित किया गया कि नगर पंचायत क्षेत्र में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखी जाए और जनता की शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर किया जाए।









