मोहम्मद सुहेल | ब्यूरो चीफ, श्रावस्ती
श्रावस्ती जनपद में मिशन शक्ति फेज–5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम एवं समस्त क्षेत्राधिकारीगण के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत विभिन्न थानों की मिशन शक्ति टीमों एवं शक्ति मोबाइल टीम द्वारा विद्यालयों, गांवों, कस्बों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। महिला संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से चौपालों का आयोजन कर महिलाओं से “शक्ति दीदी” के रूप में संवाद स्थापित किया जा रहा है और उन्हें निडर होकर अपनी समस्याएं साझा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
साइबर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं छात्राओं को सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। साथ ही ओटीपी साझा न करने, मजबूत पासवर्ड के उपयोग तथा साइबर अपराध होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, मातृशक्ति को सम्बल योजना तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देकर महिलाओं को इनका लाभ लेने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस द्वारा जनपद के समस्त थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए पंपलेट भी वितरित किए गए।









