बलरामपुर
जनपद के धानेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिभुवन नगर ग्रिंट के शुक्लागंज निवासी मोहम्मद कलीम ने श्री दत्त गंज थाने में तहरीर देकर ईंट भट्ठा मालिक व उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार वह अपने अन्य साथियों के साथ जीवन यापन के लिए शुक्लागंज स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था।
पीड़ित ने बताया कि कौड़ी न लिखने की बात को लेकर भट्ठा मालिक और उसके भाइयों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि जान से मारने की धमकी देते हुए उसे बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और सिर फट गया।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई उसकी मां और भाई को भी आरोपितों ने मिलकर बुरी तरह पीट दिया। पीड़ित का कहना है कि उसे बंधक बनाकर पीटा गया और किसी तरह जान बचाकर वह वहां से भाग सका।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि भट्ठा मालिक व उसके परिजन लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं, जिससे वह और उसका परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है।
मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








