**जनसुनवाई में एसपी ने सुनीं फरियादियों की पीड़ा, थानेदारों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण का सख्त निर्देश**
कौशाम्बी। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें एसपी के समक्ष रखीं। एसपी ने एक-एक फरियादी की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
एसपी ने प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों के संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर मामले का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कर पीड़ितों को जल्द से जल्द राहत दिलाई जाए।
एसपी ने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी समय से दी जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो।











