**त्योहारों में जेब काटने वालों पर नजर, अपराधियों को दिलाई शपथ**
*बैसकाठी में पुलिस ने चोरी, जेबकतरी और छिनैती में संलिप्त रहे लोगों की बैठक बुलाई*
*थानाध्यक्ष बोले, दोबारा संलिप्तता मिली तो होगी सख्त कार्रवाई*
राज कुमार गौतम
कौशाम्बी। आगामी त्योहारों और मेलों में भीड़ का फायदा उठाकर वारदात करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। करारी पुलिस ने ग्राम बैसकाठी में चोरी, जेबकतरी और छिनैती जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे महिला-पुरुषों को एकत्र किया। उन्हें अपराध से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
थानाध्यक्ष त्रिलोकी नाथ पांडेय ने दो टूक कहा कि त्योहारों और मेलों में भीड़ की आड़ में किसी भी तरह की आपराधिक वारदात बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी को दोबारा अपराध की राह पर न लौटने और कानून का पालन करते हुए सामान्य जीवन जीने की हिदायत दी। पुलिस ने साफ किया कि दोबारा आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उन्हें अपराध के दंड और उसके कानूनी परिणामों से भी अवगत कराया गया।
थानाध्यक्ष ने कहा कि ऐसे लोगों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “त्योहार खुशियों के लिए हैं, अपराध के लिए नहीं।” कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी सतर्कता से कार्रवाई करेगी।











