पैर में गोली लगी तो पकड़े गए बुजुर्ग महिलाओं से लूट करने वाले

*पैर में गोली लगी तो पकड़े गए बुजुर्ग महिलाओं से लूट करने वाले**

**कौशाम्बी में पुलिस से मुठभेड़, दो बदमाश घायल, तमंचे-कारतूस व लूट की पुल्ली बरामद**

**फतेहपुर के रहने वाले दोनों आरोपी, नाक की पुल्ली नोचकर भागने की वारदातों में थे शामिल**

कौशाम्बी बुजुर्ग महिलाओं की नाक की पुल्ली नोचकर भागने वाले दो शातिर लुटेरे शनिवार तड़के थाना कौशाम्बी व एसओजी टीम से मुठभेड़ में पकड़े गए। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी। उन्हें उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय मंझनपुर भेजा गया है। दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, लूटी गई दो पीली धातु की पुल्ली और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।

घायल बदमाशों ने अपना नाम मोहम्मद फारुक पुत्र शबीर और नईम अख्तर पुत्र स्व. गरीबुद्दीन बताया। दोनों फतेहपुर जनपद के थाना खखरेरू क्षेत्र के हकीमपुर खंतवा के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक 17 अक्तूबर की दोपहर मेडरहा निवासी गनेशिया देवी पत्नी स्व. बेचू अपने खेत जा रही थीं। तभी बाइक सवार दो बदमाश उनकी नाक की सोने की पुल्ली नोचकर भाग गए। थाना कौशाम्बी में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने घटना की गंभीरता देखते हुए खुलासे के लिए टीमें गठित कीं और शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीमें आसपास के लोगों से पूछताछ, सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाशों की तलाश में जुटी थीं।

शुक्रवार-शनिवार (30/31 अक्तूबर) की रात मुखबिर ने सूचना दी कि लूट में शामिल दोनों आरोपी दोमुंडा नहर की पुलिया के पास बिंदाव में मौजूद हैं। थाना कौशाम्बी व एसओजी की टीमें तत्काल पहुंचीं और घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देखकर दोनों बदमाश मोटरसाइकिल से भागने लगे, लेकिन बारिश के कारण फिसलकर गिर पड़े। पुलिस का कहना है कि इसके बाद दोनों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी और वे घायल होकर पकड़े गए।

कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे आसपास के जिलों में घूम-घूमकर बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते हैं। 17 अक्तूबर को मेडरहा के साथ भैरवां गांव में भी दो बुजुर्ग महिलाओं की नाक की पुल्ली उन्होंने ही लूटी थी और इसी बाइक से भागे थे। पुलिस के अनुसार वे लूट का माल बेचने और एक अन्य वारदात की योजना बनाकर आए थे। तमंचे-कारतूस के बारे में पूछने पर उन्होंने खुद की सुरक्षा के लिए रखने की बात कही। मौके पर फील्ड यूनिट से साक्ष्य संकलन और वीडियोग्राफी कराई गई है।

दोनों के विरुद्ध थाना कौशाम्बी में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। लूट की वारदात में मुकदमा अपराध संख्या 158/26 बीएनएस की धारा 309(6), 317(2) और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत है। पुलिस पर फायरिंग के मामले में मुकदमा अपराध संख्या 163/26 बीएनएस की धारा 109(1) और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ है।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले से आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। मोहम्मद फारुक के खिलाफ फतेहपुर के थाना थरियांव में 2022 में आर्म्स एक्ट और थाना मलवां में 2024 में दो मुकदमे दर्ज हैं। नईम अख्तर पर फतेहपुर के थाना ललौली, खखरेरू और धाता में वर्ष 2016 से 2022 के बीच चोरी, पशु क्रूरता, मारपीट, आगजनी, घर में घुसकर चोरी और आबकारी अधिनियम के चार मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

बरामदगी में दो अवैध देशी तमंचे (315 बोर), दो जिंदा कारतूस (315 बोर), दो पीली धातु की नाक की पुल्ली, बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 600 रुपये नकद शामिल हैं। पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें

और पढ़ें