*टेलीग्राम से साइबर ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार**
*छह मोबाइल, छह एटीएम कार्ड, एक पासबुक और 15 हजार रुपये बरामद, 16 राज्यों की शिकायतों में 12 लाख की ठगी*
कौशाम्बी, वरिष्ठ संवाददाता। टेलीग्राम एप के जरिये लोगों से साइबर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, छह एटीएम कार्ड, एक बैंक पासबुक और 15 हजार रुपये नकद बरामद हुए। सभी आरोपी सीतापुर जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर इनके खिलाफ अलग-अलग राज्यों की 16 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब 12 लाख रुपये की ठगी की गई है।
पुलिस के अनुसार, सराय अकिल थाना क्षेत्र के बुद्धपुरी पश्चिम निवासी सचिन रस्तोगी ने तीन अक्टूबर को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके बैंक खाते से 50 हजार रुपये की साइबर ठगी हो गई है। इस पर थाना सराय अकिल में मुकदमा अपराध संख्या 308/2026 दर्ज किया गया। घटना के जल्द खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने साइबर क्राइम थाना और थाना सराय अकिल की संयुक्त टीम गठित की।
टीम ने तकनीकी संसाधनों और इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों की पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। इसी आधार पर 31 अक्टूबर को गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। विवेचना के दौरान मुकदमे में बीएनएस की धारा 318(4), 317(2) और 111 की बढ़ोतरी की गई है। मुकदमे में आईटी एक्ट की धारा 66सी भी लगी है।
गिरफ्तार आरोपियों में कमलापुर कस्बे के स्टेशन रोड निवासी आदर्श मिश्र पुत्र रामकृष्ण मिश्र, लहरपुर थाना क्षेत्र के उमरिया कला निवासी पुनीत शुक्ला उर्फ अनुराग पुत्र दीनबंधु, कमलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम कमोलिया निवासी सत्यम पुत्र राजेश कुमार और कमलापुर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर निवासी निखिल सिंह पुत्र विजय सिंह शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ मिलकर टेलीग्राम के माध्यम से अलग-अलग तरीकों से लोगों को ठगते थे। ठगी की रकम निकालने और दूसरे सदस्यों तक पहुंचाने के लिए गिरोह के लोग सीधे-सादे लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे या उनके खातों का इस्तेमाल करते थे। खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर (सिम), एटीएम कार्ड और चेकबुक अपने पास रख लेते थे। इसके बाद एटीएम से रकम निकालकर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचा दी जाती थी, ताकि असली अपराधियों की पहचान छिपी रहे। इसी तरीके से गिरोह ने कौशाम्बी के एक व्यक्ति से भी 50 हजार रुपये की ठगी की थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पुनीत शुक्ला का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ सीतापुर के थाना सकरन में मुकदमा अपराध संख्या 320/24 बीएनएस की धारा 103(1), 140(2), 238 और 3(5) के तहत दर्ज है। इसके अलावा मुकदमा अपराध संख्या 09/25 गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 में दर्ज है। बाकी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
एनसीआरपी पर दर्ज शिकायतें दिल्ली, तमिलनाडु, उत्तराखंड, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और कर्नाटक की हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में जनपदीय साइबर सेल, साइबर क्राइम थाना और थाना सराय अकिल की पुलिस टीम शामिल रही।










