विकास कार्यों की समीक्षा में डीएम सख्त, तीन दिन में सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश

# विकास कार्यों की समीक्षा में डीएम सख्त, तीन दिन में सड़कों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश

**जल निगम, सिंचाई, नलकूप से लेकर कृषि और सोशल सेक्टर की योजनाओं की समीक्षा; नहरों की सफाई का होगा सत्यापन, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर**

**कौशाम्बी।** जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने उदयन सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान जल निगम, सिंचाई, नलकूप, सोशल सेक्टर, सड़क निर्माण, पोषण और कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ काम पूरा कराने को कहा।

जल जीवन मिशन के तहत ओवरहेड टैंक निर्माण, पाइपलाइन बिछाने, गृह संयोजन और पाइपलाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम और कार्यदायी संस्थाओं जेएमसी तथा बाबा जीए इन्फ्रा को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई अवशेष सड़कों की मरम्मत तीन दिन के भीतर पूरी कराई जाए। अगस्त 2026 तक पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को तत्काल संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने के भी निर्देश दिए। भूमि विवाद के कारण बाधित दो परियोजनाओं के संबंध में उन्होंने एसडीएम सिराथू से समन्वय स्थापित कर समस्या का निस्तारण कराने को कहा।

सिंचाई विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नहरों की सफाई नियमानुसार और व्यवस्थित तरीके से कराने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी को निर्देशित किया कि खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से नहर सफाई कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराया जाए। वहीं, यांत्रिक और विद्युत दोष के कारण बंद पड़े नलकूपों को शीघ्र चालू कराने के निर्देश अधिशासी अभियंता नलकूप को दिए।

निर्माणाधीन रामवन गमन मार्ग और प्रयागराज एयरपोर्ट-कौशाम्बी मार्ग की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भूमि संबंधी समस्याओं का निस्तारण कराते हुए निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा कराने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि कुम्हियावां और हिनौता बाजार मार्ग की मरम्मत तथा जलभराव की समस्या के समाधान के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है।

सोशल सेक्टर विभागों की समीक्षा में जिलाधिकारी ने छात्रवृत्ति के अवशेष डाटा को शीघ्र अग्रसारित कराने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों से राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने को कहा। वृद्धावस्था पेंशन के सभी पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ देने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। कन्या सुमंगला योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कर पात्र बालिकाओं को लाभान्वित करने पर भी जोर दिया।

जिला पोषण समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने पोषाहार वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी और बाल विकास परियोजना अधिकारियों को सभी लाभार्थियों तक समय से पोषाहार पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन पर जोर देते हुए कहा कि सभी केंद्र प्रतिदिन निर्धारित समय पर खुलने चाहिए। सैम श्रेणी के बच्चों पर विशेष ध्यान देने और चिह्नित बच्चों को आवश्यकता के अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लंबित प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने तथा निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का काम जल्द पूरा कराने को भी कहा।

कृषि एवं कृषि संवर्गीय विभागों की समीक्षा में जिलाधिकारी ने धान खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश जिला खाद्य विपणन अधिकारी को दिए, ताकि किसानों को खरीद के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने एआर कोऑपरेटिव को जिले में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और नियमानुसार वितरण सुनिश्चित कराने को कहा। परंपरागत कृषि विकास योजना, एग्री जंक्शन, पीएम कुसुम योजना और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा करते हुए उप कृषि निदेशक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला उद्यान अधिकारी को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और पीएमएफएमई योजना में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति लाने को कहा। भूमि संरक्षण विभाग के कार्यों का सत्यापन कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को समिति गठित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी शालिनी प्रभाकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें

और पढ़ें